
रोहित शर्मा
Rohit Sharma T20 Runs For Mumbai Indians: रोहित शर्मा जब अपनी लय में हों तो उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है। मौजूदा सीजन के शुरुआत में वह पूरी लय में नहीं थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने रफ्तार पकड़ी और अब वह शानदार अंदाज में रन बना रहे हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बेहतरीन अर्धशतक लगाया। राजस्थान के खिलाफ जयपुर में बल्लेबाजी करते हुए उन्हें किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और उन्होंने बहुत ही आसानी के साथ अपने पसंदीदा स्ट्रोक खेले। मौजूदा सीजन में वह इससे पहले SRH और CSK के खिलाफ अर्धशतक लगा चुके हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए टी20 क्रिकेट में पूरे किए 6000 रन
रोहित शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में 35 गेंदों में 53 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके निकले। इसी के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में मुंबई इंडियंस के लिए 6000 रन पूरे कर लिए हैं। वह मुंबई के लिए इस बड़े मुकाम तक पहुंचने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए अभी तक कुल 231 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उनके बल्ले से 6017 रन निकले हैं। इसमें दो शतक और 38 अर्धशतक भी शामिल हैं। उनसे पहले मुंबई इंडियंस के लिए कोई बल्लेबाज इतने रन नहीं बना पाया।
कोहली के बाद किया कमाल
इसके अलावा रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट में एक टीम के लिए 6000 रन बनाने वाले कुल दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले विराट कोहली आरसीबी की टीम के लिए 8871 रन बना चुके हैं। जेम्स विन्स ने हेम्पशायर के लिए 5934 रन बनाए हैं।
मुंबई को दिला चुके पांच खिताब
रोहित शर्मा विस्फोटक बल्लेबाजी में माहिर हैं और चंद गेंदों में ही मैच का रुख बदल देते हैं। उनके तरकश में हर वो तीर मौजूद है, जिससे वह विरोधी गेंदबाज को धराशाई कर सकें। वह साल 2011 से ही मुंबई के लिए खेल रहे हैं। आईपीएल के अलावा वह मुंबई के लिए दो सीजन चैंपियंस लीग में भी खेले हैं। मौजूदा सीजन में वह ज्यादातर मौकों पर टीम के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलते हुए नजर आए हैं। इससे पहले उन्होंने मुंबई की कप्तानी भी की थी और पांच खिताब दिलाए थे।
