राम मंदिर के दर्शन और आरती का समय बदला।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या से बड़ी खबर सामने आई है। राम मंदिर ट्रस्ट ने राम मंदिर के दर्शन और आरती के समय में बदलाव कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, ये फैसला अयोध्या में उमड़ रही भारी भीड़ के कारण लिया गया है। बता दें कि प्रयागराज में महाकुंभ में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या राम मंदिर की ओर भी आ रही है। ऐसे में राम मंदिर में दर्शन और आरती का समय बदला गया है। आइए जानते हैं नए शेड्यूल और टाइमिंग के बारे में।
क्या है राम मंदिर की नई टाइमिंग?
सामने आई जानकारी के मुताबिक, अयोध्या के राम मंदिर में रामलला का दर्शन अब सुबह 6 बजे रात 10 बजे तक चलेगा। सुबह 4 बजे मंगला आरती की जाएगी। मंगला आरती के बाद भगवान के पट को बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद सुबह 6 बजे श्रंगार आरती होगी और इसके साथ ही रामलला का मंदिर आम जन के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे रामलला को राज भोग लगेगा। भोग के पश्चात भक्त पुनः रामलला का अनवरत दर्शन कर सकेंगे।
